महराजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का एक कारनामा आया सामने, वीडियो वायरल
महराजगंज रायबरेली
सूबे के डिप्टी सीएम व स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक के लाख प्रयासों के बाद भी सीएचसी महराजगंज में स्वास्थ्य सुविधाएं सुधरने का नाम नहीं ले रही हैं।गत सप्ताह चिकित्सक द्वारा मोबाइल पर कमीशन की दवाएं दिये जाने के वायरल वीडियों की चर्चा अभी थमी भी नही थी कि सीएचसी का एक और वीडियों बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक प्राइवेट व्यक्ति औषधि वितरण कक्ष में ही भारी मात्रा में सरकारी दवाओं को उनकी रैपर से निकालकर अलग कर रहा है। वहीं मामले में सीएचसी अधीक्षक अनभिज्ञता जाहिर कर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं।
बताते चलें कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सक से लेकर कर्मचारी तक मनमानी पर उतारू हैं इनपर नकेल कसने वाला कोई नही है। सीएचसी अधीक्षक की बात की जाय तो उन्हे अस्पताल में हो रही मनमानी की जानकारी होते हुए भी वह कार्यवाही करने से कतरा रहे हैं। बीते दिनों चिकित्सक द्वारा मोबाइल पर दवाएं नोट कराये जाने के वायरल हुए वीडियों के मामले में सीएचसी अधीक्षक तीन दिन जवाब देने से कतराते रहे। अब एक बार फिर एक प्राइवेट व्यक्ति का औषधि वितरण कक्ष के अन्दर ही सरकारी दवाओं को उनके रैपर से निकालकर अलग करते व रैपर को कूड़ेदान में फेंकते हुए वीडियों वायरल हो रहा है। यही नही जब उसे वीडियों बनने की जानकारी हुई तो वह तुरन्त ही अस्पताल से फरार हो गया। वहीं उपस्थित अन्य कर्मचारियों से मामले में जानकारी चाही गयी तो किसी ने कोई जवाब नही दिया। मामले में जब सीएचसी अधीक्षक राधा कृष्णा से बात की गयी तो उन्होने दवाओं का स्टाक पूरा होने की बात कहते हुए मामले से पल्ला झाड़ लिया। अब सवाल यह उठता है कि यदि वह सरकारी दवाएं नही थी तो एक प्राइवेट व्यक्ति सीएचसी के ही औषधि वितरण कक्ष में इतनी भारी मात्रा में रैपर से दवाएं क्यों अलग कर रहा था। पूरे मामले में अधीक्षक से लेकर कर्मचारियों की मिलीभगत जग जाहिर हो रही है।
Comments